May 15, 2026

रायपुर कोर्ट परिसर में सुरक्षा के लिए बड़ा चेकिंग अभियान, 6 लोग गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने शुक्रवार को बड़ा आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान न्यायालय की अनुमति से डीसीपी सेंट्रल जोन एवं क्राइम के निर्देश पर किया गया।

इस दौरान मध्य जोन के विभिन्न थानों का स्टाफ, एसीसीयू, पुलिस लाइन के 100 से अधिक जवान और बीडीएस टीम मौजूद रही। पूरे कोर्ट परिसर में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए सघन तलाशी ली गई।

कार्रवाई के दौरान परिसर में संदिग्ध रूप से घूम रहे और उपद्रव की आशंका वाले 6 लोगों को हिरासत में लिया गया। इन सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई और थाना सिविल लाइन में केस दर्ज कर उन्हें एसीपी कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में आशुतोष साहू उर्फ अमन (दलदल सिवनी), विराज सेन्द्रे (आमापारा), भुवनेश्वर चौधरी उर्फ बिट्टू (न्यू राजेन्द्र नगर), गोलू नेताम उर्फ कामता (कुशालपुर), पवन कोसरिया (खरोरा) और दुन्नो कुल्हरिया (न्यू राजेन्द्र नगर) शामिल हैं।


दो युवक अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार

अभियान के दौरान पुलिस ने दो युवकों को अवैध चाकू के साथ भी पकड़ा। मयंक सोनी और विनोद सारथी के पास से 1-1 चाकू बरामद किया गया।

दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत थाना सिविल लाइन में अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, न्यायालय परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आगे भी ऐसे विशेष चेकिंग अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।