धमतरी। जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंचाई विभाग से जुड़े एक कर्मचारी को हिरासत में लिया है। आरोपी की पहचान लखेश्वर साहू के रूप में हुई है। उस पर एक कार्य कराने के एवज में एक लाख रुपये लेने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, एसीबी की टीम ने कार्रवाई के दौरान आरोपी कर्मचारी को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल जांच टीम धमतरी स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में मामले की जांच में जुटी हुई है। कार्रवाई की खबर मिलते ही विभागीय महकमे में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी पर किसी काम को कराने के बदले एक लाख रुपये लेने का आरोप लगाया गया है। हालांकि मामले से जुड़े तथ्यों और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि एसीबी की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
एसीबी अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही मामले में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। फिलहाल इस कार्रवाई को लेकर जिले में चर्चाओं का दौर तेज है।





