बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के चिखलाकसा में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी बिस्किट खुले में फेंके जाने का मामला सामने आया है। प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय के पास बरसाटोला रोड किनारे करीब 6,000 एक्सपायरी बिस्किट पैकेट मिलने से स्वास्थ्य और पर्यावरण को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, मौके पर करीब 500 बिस्किट के पुड़े मिले, जिनमें प्रत्येक पुड़े में लगभग 12 पैकेट थे। इस तरह कुल करीब 6 हजार बिस्किट पैकेट खुले में फेंके गए थे। ये पैकेट जुबिलो और मोई-मोई कंपनी के बताए जा रहे हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 30 हजार रुपये आंकी गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि खुले में पड़े इन बिस्किट पैकेटों को गाय और कुत्ते खाते हुए भी देखे गए, जिससे खाद्य सुरक्षा और पर्यावरण पर पड़ने वाले संभावित दुष्प्रभाव को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जांच के दौरान कुछ पैकेट खोलकर देखने पर उन पर 6 फरवरी 2026, 19 फरवरी 2026 और 10 मई 2026 की एक्सपायरी डेट दर्ज मिली। अधिकांश पैकेट पूरी तरह सीलबंद पाए गए, जिससे आशंका जताई जा रही है कि एक्सपायरी स्टॉक को नियमों के विपरीत खुले में फेंका गया है।
मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों ने खाद्य विभाग से सभी एक्सपायरी सामग्री जब्त करने और जिम्मेदार व्यक्ति या संस्था की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं खाद्य विभाग का कहना है कि मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





