May 15, 2026

आकाशीय बिजली का कहर, किसान की मौत और घर में लगी आग

महासमुंद। मौसम में अचानक आए बदलाव ने जिले में कहर बरपा दिया। आकाशीय बिजली गिरने से जहां एक किसान की मौत हो गई, वहीं एक खपरैल मकान में आग लगने से घरेलू सामान जलकर खाक हो गया।

पहली घटना तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पिरदा छापाडबरी खार की है, जहां धर्मसिंह गोंड (50) अपने पिता पुनीत राम गोंड (70) के साथ मूंगफली की फसल की रखवाली के लिए खेत में बने मचान पर सो रहे थे। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से धर्मसिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को इलाज के लिए तुमगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

दूसरी घटना कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम बाघामुड़ा की है, जहां सुबह के समय आकाशीय बिजली गिरने से प्रज्ञानंद देवांगन के खपरैल मकान में आग लग गई। आग से घर में रखा सारा सामान और वाहन के सीट जलकर नष्ट हो गए।

घटना के समय परिवार पास के कमरे में मौजूद था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। सूचना मिलने पर महासमुंद और बागबाहरा की फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।