रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संसद और प्रदेश की विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के उद्देश्य से 16, 17 और 18 अप्रैल को संसद का विशेष सत्र आयोजित किया गया है। इस विधेयक को लेकर देशभर की महिलाओं में उत्साह है और माताएं-बहनें इसका समर्थन कर रही हैं। इसी क्रम में आयोजित एक हॉल मीटिंग में भी महिलाओं ने इस प्रस्ताव के पक्ष में अपनी सहमति जताई।
यूसीसी को लेकर समिति का गठन
सीएम साय ने बताया कि राज्य कैबिनेट की बैठक में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इसके तहत सेवानिवृत्त न्यायाधीश रंजना देसाई की अध्यक्षता में एक समिति गठित की जाएगी। यह समिति राज्य में UCC लागू करने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार करेगी और सभी वर्गों, संगठनों एवं विशेषज्ञों से सुझाव लेकर प्रारूप तैयार करेगी।
सक्ती पावर प्लांट हादसे पर शोक
मुख्यमंत्री ने सक्ती जिले के पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है, जिसमें 19 लोगों की मौत हुई थी। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई।
सीएम साय ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। वहीं प्रधानमंत्री की ओर से भी मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। इसके अलावा संबंधित कंपनी ने प्रत्येक मृतक के परिवार को 35-35 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी देने का आश्वासन दिया है।




