April 15, 2026

आईपीएल सट्टा रैकेट का भंडाफोड़: रायपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय नेटवर्क पर कार्रवाई कर 20 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। मुंबई और ओडिशा के भवानीपटना तक फैले इस सट्टा रैकेट पर एक साथ दबिश देकर पुलिस ने 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में तीन बड़े सट्टा पैनल नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 82 मोबाइल फोन, 10 लैपटॉप, नगदी रकम और सट्टे से जुड़े अन्य उपकरण बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, 13 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास एक कार में बैठकर एक व्यक्ति ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना के आधार पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध वाहन की घेराबंदी की। वाहन में मौजूद व्यक्ति की पहचान मनदीप सिंह (निवासी टाटीबंध, रायपुर) के रूप में हुई।

जांच के दौरान उसके मोबाइल से ऑनलाइन बेटिंग साइट्स के जरिए सट्टा संचालन की पुष्टि हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका नेटवर्क रायपुर, मुंबई, महाराष्ट्र, गोवा और ओडिशा तक फैला हुआ है। उसने यह भी खुलासा किया कि कमलेश देवांगन सट्टा रकम कलेक्शन का काम करता है।

इसके आधार पर पुलिस ने कमलेश देवांगन को भी गिरफ्तार किया। आगे की जांच में मुंबई में ‘बजरंग ग्रुप’ एप के जरिए सट्टा संचालन और ओडिशा के भवानीपटना में ‘रेड्डी पैनल’ नेटवर्क का खुलासा हुआ।

इसके बाद पुलिस ने मुंबई, ओडिशा और दुर्ग में अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

मुंबई रेड में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि ओडिशा के भवानीपटना में 7 आरोपी पकड़े गए। दुर्ग में की गई कार्रवाई में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और बड़ी मात्रा में नकदी, एटीएम कार्ड और वाहन जब्त किए गए।

पुलिस के अनुसार, नेटवर्क के कई अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।