July 27, 2026

AI से फोटो एडिट कर वायरल करने की धमकी, 5 लाख की रंगदारी मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का दुरुपयोग कर फोटो एडिट करने, सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने और ₹5 लाख की रंगदारी मांगने के मामले में दुर्ग पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने के साथ ही जबरन तलाक लेने का दबाव भी बनाया था।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता साम्या खान ने थाना छावनी में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी रविन्द्र भारती उससे ₹5 लाख की मांग कर रहा था। रकम नहीं देने पर आरोपी ने AI तकनीक की मदद से उसके फोटो एडिट कर इंस्टाग्राम पर वायरल करने की धमकी दी। साथ ही उसके पति की हत्या करने की धमकी देकर पीड़िता पर जबरन तलाक लेने का दबाव भी बनाया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान धमधा निवासी रविन्द्र भारती ने AI तकनीक का उपयोग कर फोटो एडिट करने और धमकी देने की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।