धमतरी।
धमतरी जिले के कुरूद में 11 जुलाई की रात हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के 8 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई एक्टिवा स्कूटी, वीवो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार बरामद कर ली है।
मंदरौद मोड़ पर दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, 11 जुलाई की रात छाती गांव निवासी विमल देशलहरे अपनी एक्टिवा स्कूटी से मगरलोड जा रहे थे। मंदरौद मोड़ के पास आराम करने के दौरान सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार बदमाशों ने उन पर हमला कर 9 हजार रुपये नकद, वीवो मोबाइल फोन और एक्टिवा स्कूटी लूट ली थी।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिले सुराग
शिकायत के बाद कुरूद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। विशेष टीम ने ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के डरलीमुड़ा गांव में दबिश देकर सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
अन्य मामलों से भी जुड़े हो सकते हैं आरोपी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्कूटी, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार जब्त कर ली है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गिरोह का संबंध अन्य आपराधिक घटनाओं से तो नहीं है।





