कांकेर। चारामा थाना क्षेत्र में करीब 10 लाख रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरी की वारदात को किसी बाहरी बदमाश ने नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार के पड़ोसी ने ही अंजाम दिया। पुलिस ने तकनीकी जांच, मुखबिरों से मिली सूचना और 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का अधिकांश सामान बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, चारामा के वार्ड क्रमांक-02 निवासी रमेश मेश्राम अपने परिवार के साथ निजी काम से धमतरी गए हुए थे। इसी दौरान 17 जुलाई को उन्हें सूचना मिली कि उनके घर का पिछला दरवाजा खुला हुआ है। घर लौटने पर उन्होंने देखा कि अज्ञात चोर पीछे के दरवाजे से घर में घुसकर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गया। चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई।

मामले की सूचना मिलते ही चारामा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर संदेह पड़ोसी पवन सोनकर पर गया।
हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने निजी स्वार्थ के चलते चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।




