July 25, 2026

कोरबा में आकाशीय बिजली का कहर, खेत में रोपा लगा रहे 3 ग्रामीणों की मौत

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। सलोरा-छुरी गांव में खेत में रोपा लगाने का काम कर रहे तीन ग्रामीण आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को 25 से 30 ग्रामीण छुरी बकरा बाजार सब-स्टेशन के पीछे स्थित खेत में धान रोपाई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ खेत की मेढ़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से तीन ग्रामीण गंभीर रूप से झुलस गए।

घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कटघोरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।