नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार देर रात एक बार फिर सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर युवाओं, खासकर Gen Z का आभार जताया। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में उन्होंने कहा, “थैंक यू फ्रेंड्स। कल देर रात आपसे मिलने का मौका मिला। मेरे वीडियो पर आपकी प्रतिक्रिया और सकारात्मक सुझावों के लिए मैं आभारी हूं। आपका यह प्यार और समर्थन आगे भी बना रहेगा।”
प्रधानमंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा कि उनके पिछले वीडियो को देखने और उपयोगी सुझाव भेजने वाले सभी युवाओं का धन्यवाद। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ यह संवाद आगे भी लगातार जारी रहेगा। जानकारी के अनुसार, वीडियो पोस्ट होने के करीब 20 मिनट के भीतर ही 10 लाख से अधिक व्यूज मिल गए।
पेपर लीक पर कानून बनाने का दोहराया भरोसा
इससे एक दिन पहले गुरुवार आधी रात प्रधानमंत्री मोदी ने छात्रों के नाम एक विशेष वीडियो संदेश जारी किया था। उसमें उन्होंने कहा था कि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सरकार कड़े प्रावधानों वाला नया कानून लाएगी, जिसे मौजूदा मानसून सत्र में संसद से पारित कराने का प्रयास किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक कोई सामान्य घटना नहीं है, इससे लाखों छात्रों और उनके परिवारों को मानसिक पीड़ा होती है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई महीनों में सामने आए मामलों में सरकार ने कई कदम उठाए हैं और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारियां की गई हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना थी कि छात्रों का एक वर्ष बर्बाद न हो। इसी उद्देश्य से कम समय में करीब 22 लाख विद्यार्थियों की परीक्षाओं का आयोजन कराया गया और 19 तारीख को परिणाम भी घोषित किए गए।
फास्ट ट्रैक कोर्ट का भी होगा प्रावधान
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी। उन्होंने बताया कि पेपर लीक मामलों की त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट और कड़ी सजा के प्रावधान वाला मसौदा तैयार किया गया है। इस मसौदे पर कैबिनेट में चर्चा के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।





