May 15, 2026

Durg-Bhilai-Rajnandgaon News Update : 1600 CCTV फुटेज खंगालने के बाद अंतरराज्यीय चोर गिरोह का खुलासा, मास्टरमाइंड ड्राइवर गिरफ्तार

भिलाईनगर। दुर्ग जिले में लगातार हो रही चोरियों का खुलासा करते हुए पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। करीब 1600 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंच सकी। गिरोह का मास्टरमाइंड मालवाहक वाहन चालक निकला, जो दिन में सूने मकानों की रेकी करता और रात में साथियों के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देता था।

पुलिस के मुताबिक गिरोह महाराष्ट्र में चोरी करने के बाद भिलाई के चार थाना क्षेत्रों में छह और बालोद जिले में एक चोरी की वारदात को अंजाम दे चुका है। चोरी का सामान आरोपी की पत्नी खपाती थी। मामले में चोरी के जेवर गिरवी रखने वाले ज्वेलरी शॉप संचालक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि क्षेत्र में लगातार सूने मकानों में हो रही चोरियों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस गश्त और तकनीकी जांच बढ़ाई गई थी। विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर आरोपी नौशाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खुर्सीपार स्थित अपने ससुराल में रहकर मालवाहक वाहन चलाता था। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी नौशाद, नगीना, मदीना और शुभलाभ ज्वेलर्स के संचालक दुर्गेश गोस्वामी को गिरफ्तार किया है। मास्टरमाइंड नौशाद को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।


साइबर ठगी के खिलाफ बड़ा एक्शन, 362 बैंक खाताधारकों पर एफआईआर

भिलाईनगर। दुर्ग पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थानों में 362 संदिग्ध बैंक खाताधारकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। कार्रवाई केंद्रीय गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल और पुलिस मुख्यालय से मिली सूचना के आधार पर की गई।

जांच में सामने आया कि इन खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त रकम को प्राप्त करने, ट्रांसफर करने और छिपाने के लिए किया जा रहा था। थाना सुपेला क्षेत्र में बंधन बैंक के 172 खाताधारकों, थाना उतई क्षेत्र में आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के 30 खाताधारकों और पुरानी भिलाई क्षेत्र में बैंक ऑफ महाराष्ट्र के 160 खाताधारकों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2024 से 2026 के बीच इन खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध से अर्जित रकम के लेनदेन के लिए किया गया। मामले की जांच जारी है।

जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्था को लेकर बजरंग दल का प्रदर्शन

दुर्ग। दुर्ग जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी, दवाइयों के अभाव और कथित अव्यवस्थाओं को लेकर छत्तीसगढ़ बजरंग दल ने प्रदर्शन किया। संगठन ने अस्पताल प्रबंधन को चेतावनी देते हुए सात दिनों के भीतर सुधार नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

बजरंग दल ने आरोप लगाया कि अस्पताल में डिलीवरी के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। इसके अलावा निजी अस्पतालों की एम्बुलेंस की मौजूदगी, बंद पड़े ऑपरेशन थिएटर, दिव्यांग प्रमाण-पत्र जारी करने में देरी और अवैध कैंटीन संचालन जैसे मुद्दे भी उठाए गए।

ई-रिक्शा से भूमिपूजन कार्यक्रम पहुंचे शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव

दुर्ग। प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव पुलगांव और उरला स्थित शासकीय स्कूलों में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में ई-रिक्शा से पहुंचे। मंत्री के इस पर्यावरण हितैषी सफर का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मंत्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के संदेश से प्रेरित होकर उन्होंने ई-रिक्शा का उपयोग किया। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन और वैकल्पिक ऊर्जा आधारित वाहनों को अपनाने की अपील की।

कुम्हारी अग्निकांड की जांच तेज, तीन दिन में रिपोर्ट देगी समिति

भिलाईनगर। कुम्हारी अग्निकांड मामले में प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने छह सदस्यीय जांच समिति गठित कर तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।

12 मई को महामाया पारा स्थित एक घर में लगी भीषण आग में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई थी। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को हादसे की वजह बताया गया था, लेकिन अब सामने आए सीसीटीवी फुटेज में घर के अंदर से आग फैलती दिखाई दे रही है।

हादसे में अनिल वैष्णव, उनकी दो बेटियां और दो वर्षीय नातिन की मौत हो गई थी। मामले की जांच जारी है।

ऑक्सीजोन के पास अवैध रेत डंपिंग पर कार्रवाई, तस्कर गिरफ्तार कर भेजा जेल

राजनांदगांव। मोहारा स्थित ऑक्सीजोन के पास शिवनाथ नदी में अवैध रेत उत्खनन और डंपिंग की लगातार मिल रही शिकायतों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। छापेमार कार्रवाई के दौरान सैकड़ों ट्रिप डंप रेत जब्त की गई है, वहीं एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

जानकारी के मुताबिक ऑक्सीजोन क्षेत्र में पेड़ कटाई, अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। एसडीएम राजनांदगांव के नेतृत्व में खनिज विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए बड़े पैमाने पर डंप रेत जब्त करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों से पूछताछ में भंवरमरा निवासी अविनाश सोनी का नाम सामने आया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

सुशासन तिहार में हंगामा, अधिकारियों को बंधक बनाने के आरोप में पार्षद पर एफआईआर

राजनांदगांव। डोंगरगढ़ में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान हंगामा और अधिकारियों को बंधक बनाने के मामले में पुलिस ने महिला पार्षद समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

बताया गया कि वार्ड क्रमांक 15 में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी पहुंचे थे। इसी दौरान पट्टा वितरण की मांग को लेकर आक्रोशित नागरिकों ने विरोध शुरू कर दिया। स्थिति तब बिगड़ गई जब प्रदर्शनकारियों ने आंबेडकर भवन में ताला जड़ दिया, जिससे करीब दो घंटे तक कार्यक्रम बाधित रहा।

पुलिस ने आंदोलन का नेतृत्व कर रही निर्दलीय पार्षद प्रीति चमन समुन्द्रे और पूर्व पार्षद कृष्णा लिल्हारे को हिरासत में लिया। बाद में राजस्व विभाग की टीम ने वार्डवासियों की मांग सुनी। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

निरीक्षण में अनुपस्थित मिली प्रभारी डॉक्टर, सोमनी स्वास्थ्य केंद्र से हटाया गया प्रभार

राजनांदगांव। सोमनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अव्यवस्थाओं की शिकायतों के बीच जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने निरीक्षण किया। इस दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंकिता गोस्वामी ड्यूटी से अनुपस्थित मिलीं, जिसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से प्रभार से हटा दिया गया।

सीएमएचओ ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से लापरवाही और अव्यवस्था की शिकायतें मिल रही थीं। निरीक्षण के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुरगी के चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेजेंद्र वर्मा को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

मोहारा सोसाइटी में 40 लाख के धान गबन का मामला, केंद्र प्रभारी समेत तीन पर एफआईआर

राजनांदगांव। जिले की सेवा सहकारी समिति मोहारा में करीब 40 लाख रुपए के धान गबन का मामला सामने आया है। पुलिस ने केंद्र प्रभारी समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार अवैध धान परिवहन की सूचना पर सहायक खाद्य अधिकारी, तहसीलदार और प्रशासनिक टीम ने मोहारा केंद्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बिना दस्तावेज के धान ले जा रहा एक ट्रक पकड़ा गया।

विभागीय जांच में सामने आया कि करीब 995 क्विंटल धान को रिकॉर्ड में कम दिखाकर फर्जी तरीके से बेच दिया गया। इससे शासन को लगभग 40 लाख रुपए का नुकसान हुआ। मामले में केंद्र प्रभारी संतोष वर्मा, कम्प्यूटर ऑपरेटर वेद प्रकाश साहू और कोचिया राजू वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।