रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ के विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा प्रदान किए गए सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी, निर्णायक और जनकल्याणकारी नेतृत्व में संचालित योजनाओं ने प्रदेश के विकास को नई गति दी है और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री साय ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास को प्राथमिकता देने की केंद्र सरकार की नीति के परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ को विशेष केंद्रीय सहायता (एससीए) योजना के तहत 2,080.29 करोड़ रुपये की सहायता प्राप्त हुई है। इसके अलावा विशेष अधोसंरचना योजना, सुरक्षा संबंधी व्यय, आधुनिक हथियारों की उपलब्धता, जंगल वारफेयर प्रशिक्षण और एयर सपोर्ट जैसी पहलों ने सुरक्षा बलों को मजबूत बनाया है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 2,377 करोड़ रुपये की लागत से 3,222 किलोमीटर लंबी 391 सड़कों तथा 88 वृहद पुलों की स्वीकृति दी गई है। इससे बस्तर सहित दूरस्थ क्षेत्रों में विकास और कनेक्टिविटी को मजबूती मिली है।
वित्तीय और अधोसंरचनात्मक विकास को मिली गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यों को केंद्रीय करों में हिस्सेदारी 32 प्रतिशत से बढ़ाकर 42 प्रतिशत किए जाने से छत्तीसगढ़ को वित्तीय रूप से बड़ी मजबूती मिली है। पिछले 12 वर्षों में राज्य को केंद्रीय करों में 3.46 लाख करोड़ रुपये तथा विभिन्न योजनाओं के तहत 1.43 लाख करोड़ रुपये से अधिक की सहायता प्राप्त हुई है। इसके अतिरिक्त पूंजीगत निवेश और जीएसटी क्षतिपूर्ति के रूप में भी हजारों करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता मिली है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना कोष (सीआरआईएफ) के तहत 4,468 करोड़ रुपये तथा राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास के लिए 35,766 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इससे रायपुर-विशाखापट्टनम, बिलासपुर-धनबाद और रायपुर-दुर्ग बायपास जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति मिली है।
आवास, रोजगार और ग्रामीण विकास को मिला बल
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत राज्य के 24.50 लाख हितग्राहियों को आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से लगभग 19.70 लाख आवास पूर्ण हो चुके हैं। वहीं मनरेगा के माध्यम से 39,123 करोड़ रुपये खर्च कर 152 करोड़ मानव दिवस सृजित किए गए हैं।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत 36.44 लाख परिवारों को शौचालय सुविधा उपलब्ध कराई गई है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के विभिन्न चरणों में हजारों किलोमीटर सड़कों और सैकड़ों पुलों के निर्माण को स्वीकृति मिली है।
किसानों, महिलाओं और गरीबों को मिला लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत राज्य के 25.51 लाख किसानों को अब तक 10,784 करोड़ रुपये की राशि सीधे उनके खातों में हस्तांतरित की गई है। वहीं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को 5,064 करोड़ रुपये की प्रीमियम सहायता प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत राज्य के 56 लाख राशन कार्डधारी परिवारों के लगभग 1.99 करोड़ सदस्यों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से 39.54 लाख महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन मिले हैं।
स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास में भी बढ़ा सहयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के माध्यम से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हुआ है। राज्य में 5,499 आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हैं तथा विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों और क्रिटिकल केयर ब्लॉकों को स्वीकृति मिली है।
कौशल विकास के क्षेत्र में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना और पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से हजारों युवाओं और कारीगरों को प्रशिक्षण दिया गया है। वहीं स्ट्राइव परियोजना के तहत 17 आईटीआई संस्थानों का उन्नयन किया गया है।
डिजिटल कनेक्टिविटी और जनजातीय विकास को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि डिजिटल भारत निधि के माध्यम से नक्सल प्रभावित और दूरस्थ क्षेत्रों में 1,247 मोबाइल टावर स्थापित किए गए हैं तथा 577 नए टावरों को स्वीकृति मिली है। इससे हजारों गांव डिजिटल सेवाओं से जुड़ रहे हैं।
उन्होंने जनजातीय विकास के क्षेत्र में प्रधानमंत्री जनमन योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और वन अधिकारों की मान्यता को ऐतिहासिक पहल बताया। राज्य में हजारों जनजातीय परिवार इन योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं।
विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री साय ने अपने पत्र के अंत में कहा कि छत्तीसगढ़ की साढ़े तीन करोड़ जनता की ओर से वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में केंद्र सरकार का मार्गदर्शन और सहयोग भविष्य में भी इसी प्रकार मिलता रहेगा।




