दंतेवाड़ा/कोरबा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और कोरबा जिलों में सोमवार को आगजनी की दो बड़ी घटनाएं सामने आईं। दंतेवाड़ा में गीदम-बीजापुर मार्ग पर चलती कार में अचानक आग लग गई, जबकि कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में स्थित एक पटाखा गोदाम में भीषण आग भड़क उठी। दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन भारी नुकसान होने की आशंका है।
चलती कार में लगी आग, जलकर राख हुआ वाहन
दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना क्षेत्र अंतर्गत गुमरगुंडा के पास गीदम-बीजापुर मार्ग पर एक चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और कार धू-धू कर जलने लगी।
कार में सवार लोगों ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोरबा में पटाखा गोदाम में लगी भीषण आग
वहीं कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के रामपुर स्थित एक पटाखा गोदाम में भीषण आग लग गई। आग लगते ही गोदाम में रखे पटाखों में लगातार विस्फोट होने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद आसमान में धुएं का घना गुबार दिखाई देने लगा। पटाखों के लगातार फटने से तेज धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई देती रही, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
दमकल और पुलिस की टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा नगर पालिका की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए अन्य क्षेत्रों से भी अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाया गया।
पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से पूरे इलाके को घेर लिया है और लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी गई है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है तथा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।




