कोरबा। जिले के पाली क्षेत्र में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेंदूपत्ता गोदाम के पास ट्रक और यात्री बस के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार 40 से 50 यात्रियों में से छह लोग घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, यात्री बस कोरबा से बिलासपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान तेंदूपत्ता गोदाम के पास सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था बहाल कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।





