गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ में मंगलवार को दो अलग-अलग रेल हादसे सामने आए, जिनमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस और जीआरपी ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
मोबाइल पर बात करते समय ट्रेन की चपेट में आया युवक
पहला हादसा गौरेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे ट्रैक के पास हुआ। जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ निवासी अरुण कुमार गौरेला क्षेत्र में रहकर मजदूरी का काम करता था। रविवार देर शाम वह मोबाइल फोन पर बात करते हुए रेलवे ट्रैक के करीब पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि बातचीत में व्यस्त होने के कारण उसका ध्यान ट्रैक की ओर नहीं गया और इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गौरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल गौरेला भेजा गया है। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।
कानपुर-दुर्ग एक्सप्रेस से गिरकर युवक गंभीर घायल
दूसरी घटना पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन के पास हुई, जहां कानपुर-दुर्ग एक्सप्रेस से एक युवक अचानक नीचे गिर गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक युवक चित्रकूट से रायपुर की ओर यात्रा कर रहा था। इसी दौरान किसी कारणवश वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। ट्रैक से गुजर रही एक मालगाड़ी के गार्ड की नजर घायल युवक पर पड़ी, जिसके बाद उसे तत्काल सहायता उपलब्ध कराई गई।
घायल को पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन लाया गया और वहां से गौरेला जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवक को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। बेहतर इलाज के लिए उसे बिलासपुर रेफर किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक चलती ट्रेन से कैसे गिरा। पुलिस उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है और मामले की जांच जारी है।





