सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में मोबाइल की पुरानी बैटरी फटने से एक साल के मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर गांव में हुआ, जहां बच्चों के साथ खेलते समय बैटरी में अचानक विस्फोट हो गया।
जानकारी के अनुसार, महेंद्र सिंह नेताम का एक वर्षीय पुत्र आदित्य सिंह 31 मई की शाम अपने भाई-बहनों और अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान बच्चों को कहीं से एक पुरानी और खराब मोबाइल बैटरी मिल गई। शाम करीब 5 बजे बैटरी में अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया, जिसकी चपेट में आदित्य आ गया।
विस्फोट से बच्चे का चेहरा, सीना, पेट और हाथ बुरी तरह झुलस गए। घटना के तुरंत बाद परिजन उसे प्रेमनगर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सूरजपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर बाद में उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।
इलाज के दौरान 1 जून की सुबह करीब 4 बजे आदित्य ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलने पर प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पुराने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बैटरियों के सुरक्षित निपटान को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




