बीजापुर। नक्सल विरोधी अभियान के तहत CRPF की 199वीं वाहिनी को बड़ी सफलता मिली है। 5 सितंबर 2026 को संयुक्त टीम ने एड़ी, हर्री, नयापारा, सरपंचपारा, पीडिया और कुआपगुड़ा गांवों के जंगल क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए 14 नक्सल डंप बरामद किए हैं।
सूचना के आधार पर चलाया गया सर्च ऑपरेशन
विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद कमांडेंट-199 वाहिनी आनंद कुमार के मार्गदर्शन और उप कमांडेंट दर्शन यादव की देखरेख में बी-199 कंपनी और यंग प्लाटून के जवानों ने अभियान शुरू किया।
बी-199 कंपनी कमांडर अजित कुमार डेका और एफ-199 कंपनी निरीक्षक नीरज कुमार के नेतृत्व में जवानों ने जंगल क्षेत्र की घेराबंदी कर चरणबद्ध तरीके से सर्च ऑपरेशन चलाया।
10 IED समेत हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद
तलाशी के दौरान जवानों को नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में सामग्री मिली। बरामद सामान में—
- 7 रायफल, जिसमें 1 .303 बोल्ट एक्शन रायफल, 5 भरमार रायफल और 1 बारह बोर देशी रायफल
- 8 डेटोनेटर
- 10 IED
- कोडेक्स वायर
- बिना बैटरी का 1 वायरलेस सेट
- 4 प्लास्टिक कंटेनर
- 3 बड़े स्टील कंटेनर
- IED बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री
- विभिन्न प्रकार की इलेक्ट्रिक सामग्री
- नक्सलियों के कपड़े
शामिल हैं। पुलिस/सीआरपीएफ के अनुसार, कुल 99 प्रकार की वस्तुएं बरामद की गई हैं।
संवेदनशील इलाके में लगातार अभियान
अभियान के दौरान जवानों ने बेहद सतर्कता बरतते हुए इलाके की घेराबंदी और चरणबद्ध तरीके से तलाशी ली। एड़ी, हर्री, पीडिया, कुआपगुड़ा और आसपास का क्षेत्र पहले नक्सली गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील रहा है।
CRPF की 199वीं वाहिनी द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियानों के चलते क्षेत्र में नक्सली प्रभाव कम होने और ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना मजबूत होने का दावा किया गया है। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
नक्सलमुक्त क्षेत्र के लिए अभियान जारी रहेगा
199वीं वाहिनी के कमांडेंट आनंद कुमार ने कहा कि बल आम नागरिकों की सुरक्षा, क्षेत्र में शांति और विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी आसूचना आधारित अभियानों को और प्रभावी तरीके से संचालित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र को पूर्णतः नक्सलमुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।





