रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को पूरे छत्तीसगढ़ में “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला मुख्यालयों से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक कार्यक्रमों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिला प्रशासन की देखरेख में होने वाले इन आयोजनों में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार राजधानी रायपुर में राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में सामूहिक योगाभ्यास होगा। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरगुजा जिले में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे।
उपमुख्यमंत्री और मंत्री विभिन्न जिलों में करेंगे नेतृत्व
जारी कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू बिलासपुर, उपमुख्यमंत्री अरुण साव दुर्ग, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा कबीरधाम और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह राजनांदगांव में आयोजित योग दिवस कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि होंगे।
इसी तरह मंत्री रामविचार नेताम कोरिया, दयालदास बघेल महासमुंद, केदार कश्यप सुकमा, लखन लाल देवांगन कांकेर, ओपी चौधरी जांजगीर-चांपा, टंकराम वर्मा सारंगढ़-बिलाईगढ़, लक्ष्मी राजवाड़े बलरामपुर-रामानुजगंज, राजेश अग्रवाल जशपुर, गुरु खुशवंत साहेब कोरबा और गजेंद्र यादव बालोद जिले के कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
सांसद और विधायक भी रहेंगे मुख्य अतिथि
योग दिवस के जिला स्तरीय आयोजनों में सांसद बृजमोहन अग्रवाल बलौदाबाजार-भाटापारा, विजय बघेल बेमेतरा, संतोष पांडेय मोहला-मानपुर-चौकी, चिंतामणि महाराज सूरजपुर, रूपकुमारी चौधरी गरियाबंद, राधेश्याम राठिया रायगढ़, कमलेश जांगड़े जांजगीर, महेश कश्यप नारायणपुर और भोजराज नाग कोंडागांव में मुख्य अतिथि होंगे।
वहीं विधायक सुलता उसेंडी बीजापुर, ललित चंद्राकर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, प्रणव कुमार मरपच्ची गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, पुन्नूलाल मोहले मुंगेली, अजय चंद्राकर धमतरी, रेणुका सिंह मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, किरण सिंह देव बस्तर और चैतराम अटामी दंतेवाड़ा जिले में आयोजित कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे।
प्रदेशभर में आयोजित होने वाले इस सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।





