June 21, 2026

मनेंद्रगढ़ में भाजपा नेता हत्याकांड: मुख्य आरोपी समेत 4 ने किया आत्मसमर्पण, अब तक 8 गिरफ्तार

मनेंद्रगढ़। कोरिया जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी में भाजपा नेता की नृशंस हत्या के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। मंगलवार को हुई इस वारदात के बाद फरार चल रहे मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी समेत चार आरोपियों ने आज मनेंद्रगढ़ कोतवाली में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर बैकुंठपुर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।

गौरतलब है कि 16 जून की रात ग्राम कटगोड़ी में फॉर्च्यूनर वाहन में सवार भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह और उनके साथियों पर जानलेवा हमला किया गया था। आरोप है कि हमलावरों ने पहले वाहन में पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे मौके पर ही भरत सिंह की मौत हो गई, जबकि उनके दो साथी – वीरेंद्र सिंह उर्फ वीरू और नागेंद्र सिंह – ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना के बाद से कई आरोपी फरार चल रहे थे, जिनमें से अब चार ने आत्मसमर्पण कर दिया है। इससे पहले भी पुलिस कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिससे अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे रेत उत्खनन को लेकर पुराना विवाद सामने आया है, जो लंबे समय से दोनों पक्षों के बीच तनाव का कारण बना हुआ था।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।