रायपुर। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा NEET (UG)-2026 के आयोजन को लेकर रायपुर जिले में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। परीक्षा से एक दिन पहले शनिवार को जिले के सभी परीक्षा केंद्रों में मॉकड्रिल आयोजित कर सुरक्षा और संचालन संबंधी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया।
मॉकड्रिल के दौरान अभ्यर्थियों की एंट्री से लेकर एग्जिट तक की पूरी प्रक्रिया, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित वितरण, बायोमेट्रिक सत्यापन, सुरक्षा जांच तथा परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित रखरखाव की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सभी केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जिले में NEET (UG)-2026 परीक्षा का आयोजन रविवार 21 जून को किया जाएगा। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला प्रशासन एवं नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
जिला नोडल अधिकारी NTA एवं सिटी कोऑर्डिनेटर रायपुर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि जिले में कुल 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा शुरू होने से पहले 1:30 बजे केंद्रों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सभी अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश पत्र और वैध मूल फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले बायोमेट्रिक सत्यापन, पहचान जांच और सुरक्षा जांच की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
सुरक्षा और पारदर्शिता पर विशेष फोकस
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर तकनीकी निगरानी और सुरक्षा तंत्र को मजबूत किया गया है। नकल और अन्य अनियमित गतिविधियों को रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने धार्मिक या पारंपरिक परिधान पहनकर आने वाले अभ्यर्थियों से भी निर्धारित समय से पहले पहुंचने की अपील की है, ताकि सुरक्षा जांच और सत्यापन प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
प्रतिबंधित सामग्री पर पूरी तरह रोक
परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, पर्स, बैग, नोट्स, किताबें और अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों को NTA द्वारा निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने तथा हल्के और साधारण वस्त्र पहनकर आने की सलाह दी गई है।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों, शिक्षकों और समाज के सभी वर्गों से विद्यार्थियों को सकारात्मक और तनावमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की अपील की है। साथ ही अभ्यर्थियों से प्रवेश पत्र में दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया गया है, ताकि परीक्षा का सफल और व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जा सके।




