May 28, 2026

CG Weather Today : नौतपा का कहर जारी, रायपुर समेत कई जिलों में हीटवेव अलर्ट, कहीं बारिश तो कहीं ओले

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा के दूसरे दिन भी भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। प्रदेश के मध्य इलाकों में ग्रीष्म लहर चलने से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने आम जनजीवन को प्रभावित किया। वहीं बुधवार को राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में मौसम का मिजाज अचानक बदला और तेज अंधड़ के साथ बारिश हुई। कुछ इलाकों में ओले भी गिरे, जबकि कई जगह केवल बूंदाबांदी दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती परिसंचरण और बंगाल की खाड़ी से आ रही हल्की नमी के कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिला है। हालांकि इसके बावजूद अधिकतम तापमान में केवल मामूली गिरावट दर्ज की गई। विभाग ने अगले दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना से इनकार किया है। इस दौरान प्रदेश के एक-दो हिस्सों में हीटवेव चलने की आशंका जताई गई है। इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

प्रदेश में बुधवार को सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कबीरधाम में 44 डिग्री, बेमेतरा में 43.8 डिग्री, जांजगीर-चांपा में 43.7 डिग्री और राजधानी रायपुर में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने रायपुर में 28 मई को भी हीटवेव चलने की संभावना जताई है। राजधानी में अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।