May 28, 2026

राष्ट्रीय पर्वों पर भी स्कूल से गायब रहता था शिक्षक, शिकायत सही मिलने पर निलंबित

लोरमी। स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर भी स्कूल से गायब रहना एक शिक्षक को भारी पड़ गया। ग्रामीणों की शिकायत और जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद शिक्षा विभाग ने संबंधित शिक्षक को निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, लोरमी विकासखंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय झझपुरी कला में पदस्थ शिक्षक हरेराम साहू के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। ग्रामीणों ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत करते हुए आरोप लगाया था कि शिक्षक नियमित रूप से स्कूल से अनुपस्थित रहते हैं और शैक्षणिक कार्यों में लापरवाही बरतते हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तीन सदस्यीय जांच दल गठित किया। जांच प्रतिवेदन में यह पुष्टि हुई कि शिक्षक हरेराम साहू न केवल स्कूल समय में अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहते थे, बल्कि पंचायत के कार्यों में भी अनावश्यक दखल देते थे। जांच में यह भी सामने आया कि वे स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर भी स्कूल में उपस्थित नहीं रहते थे।

जांच रिपोर्ट के आधार पर मुंगेली जिला शिक्षा अधिकारी के प्रस्ताव पर संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर ने शिक्षक को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय लोरमी विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।