August 1, 2026

जर्जर स्कूल और बदहाल सड़क पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, छात्रों संग किया प्रदर्शन

बलौदा बाजार। भाटापारा विकासखंड के ग्राम धुर्राबांधा में जर्जर स्कूल भवन और खराब सड़क को लेकर ग्रामीणों एवं स्कूली छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। दोनों समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रशासन के आश्वासन मिलने तक प्रदर्शन जारी रहा।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के पास स्थित रियल इस्पात संयंत्र के भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं सड़क निर्माण भी अधूरा पड़ा है। बताया गया कि सड़क के एक ओर निजी भूमि और दूसरी ओर शासकीय भूमि पर बने मकानों के कारण निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गांव का स्कूल भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही तहसीलदार यशवंत कुमार, पुलिस प्रशासन, लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारी तथा रियल इस्पात संयंत्र के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की।

प्रशासन ने ग्रामीणों को जल्द नया स्कूल भवन बनवाने तथा रियल इस्पात संयंत्र की ओर से तत्काल सड़क निर्माण एवं मरम्मत कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। वहीं प्रशासन के निर्देश के बाद रियल इस्पात संयंत्र ने क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत का कार्य भी तत्काल शुरू कर दिया।