August 1, 2026

उदंती नदी में डूबने से युवक की मौत, रेस्क्यू के बाद मिला शव; गांव में पसरा मातम

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। मैनपुर विकासखंड में उदंती नदी में डूबने से एक 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई, जबकि पुलिस और प्रशासन की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक की तलाश की।

जानकारी के अनुसार, डूमराबहाल चिंदा गांव निवासी राजकुमार (35) शनिवार को किसी कारणवश उदंती नदी में डूब गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल उसकी तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान युवक का शव बरामद कर लिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में उफनती नदियों और नालों के पास अनावश्यक रूप से न जाएं तथा सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।