May 15, 2026

जबलपुर–मंडला–चिल्पी NH-30 फोरलेन बनेगा, DPR तैयार

भोपाल। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। जबलपुर–मंडला–चिल्पी NH-30 फोरलेन परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है। इस परियोजना से दोनों राज्यों के बीच सड़क परिवहन और तेज होने की उम्मीद है।

यह प्रस्तावित फोरलेन कॉरिडोर प्रयागराज–जबलपुर–रायपुर मार्ग का अहम हिस्सा होगा। लगभग 160 किलोमीटर लंबे इस हिस्से को 2-लेन से 4-लेन आधुनिक कॉरिडोर में विकसित किया जाएगा।

परियोजना के तहत सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। नाग घाट, भवाल घाट और चिल्पी घाट जैसे खतरनाक मोड़ों को सुधारा जाएगा और ब्लैक स्पॉट्स को खत्म करने की योजना है। साथ ही यह मार्ग कान्हा टाइगर रिजर्व से गुजरता है, इसलिए वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए एनिमल अंडरपास और वाइल्डलाइफ क्रॉसिंग भी बनाए जाएंगे।

बीजाडांडी और बिछिया क्षेत्रों में बायपास और फ्लाईओवर निर्माण का भी प्रस्ताव है, जिससे यातायात सुगम होगा।

फोरलेन बनने के बाद भेड़ाघाट, धुआंधार और कान्हा जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी। साथ ही व्यापार और माल परिवहन को भी गति मिलने की उम्मीद है। इसे मध्यभारत की एक महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजना माना जा रहा है।