जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। कुनकुरी थाना क्षेत्र में कच्चा आम से लदा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गया, जिसमें चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन ओडिशा से अंबिकापुर की ओर कच्चा आम लेकर जा रहा था। इसी दौरान खारीझाड़िया स्थित श्रीनदी पुलिया के पास वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और सीधे नीचे गिर गया। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पुलिया काफी सकरी है और यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। लगातार हो रहे हादसों को लेकर लोगों में चिंता जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।





