कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरीकला स्थित शासकीय एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्रों और अभिभावकों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम के बाद कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष लौट रहे थे। बड़ी संख्या में छात्रों और अभिभावकों ने उनकी गाड़ी रोककर विद्यालय की अव्यवस्थाओं और प्रिंसिपल डॉ. अहमद खान के खिलाफ गंभीर शिकायतें दर्ज कराईं। छात्रों ने प्रिंसिपल को हटाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
भोजन और पेयजल व्यवस्था पर गंभीर सवाल
छात्रों ने आरोप लगाया कि उन्हें बेहद घटिया और अस्वच्छ भोजन परोसा जा रहा है। उन्होंने बताया कि बरसात के पानी में खाना बनाया जा रहा है और भोजन में कीड़े मिलने जैसी शिकायतें भी सामने आई हैं। नहाने और अन्य दैनिक जरूरतों के लिए भी पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।
एक्सपायरी दवा और दूध देने का आरोप
छात्रों ने स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि खाज-खुजली जैसी त्वचा संबंधी समस्याओं के बावजूद उन्हें उचित इलाज नहीं मिल रहा है। आरोप है कि छात्रों को एक्सपायरी डेट की दवाइयां और दूध के पैकेट दिए जा रहे हैं। छात्रों ने ऐसे पैकेट भी दिखाए, जिनकी एक्सपायरी तारीख कथित रूप से मिटाई गई थी।
अभिभावकों से दुर्व्यवहार की शिकायत
अभिभावकों ने आरोप लगाया कि विद्यालय प्रबंधन का व्यवहार उनके प्रति ठीक नहीं है। उनका कहना है कि पैरेंट्स मीटिंग के लिए सभी अभिभावकों को एक साथ बुलाने के बजाय अलग-अलग समय पर बुलाया जाता है, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
छात्रों पर अनावश्यक प्रतिबंध
छात्रों ने यह भी शिकायत की कि बाहर से जरूरी सामान लाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है, जिससे उनकी दैनिक आवश्यकताएं प्रभावित हो रही हैं।
शिक्षकों के विवाद में छात्रों को लगी चोट
अभिभावकों ने विधायक को बताया कि हाल ही में शिक्षकों के बीच हुए विवाद और मारपीट के दौरान कुछ छात्रों को भी चोटें आई थीं। इस मामले को लेकर भी विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया गया।
विधायक ने दिए जांच के निर्देश
छात्रों और अभिभावकों की शिकायतें सुनने के बाद कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने मौके पर मौजूद सहायक आयुक्त को तत्काल जांच कर छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि जांच में प्रबंधन की लापरवाही सामने आती है, तो प्रिंसिपल डॉ. अहमद खान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विद्यालय में सामने आई इन शिकायतों ने आवासीय स्कूल की व्यवस्थाओं और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर प्रशासन की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।





