बिलासपुर। बिलासपुर संभाग में अपराध, स्वास्थ्य और सामाजिक घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। सिरगिट्टी में शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर दो पक्षों में खूनी झड़प हुई, जबकि रैपिडो चालक से चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार और नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। वहीं जांजगीर-चांपा में इस वर्ष का पहला डेंगू मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है और रायगढ़ में घरेलू विवाद के बाद एक युवक द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है।
शराब के पैसे मांगने पर खूनी झड़प, 8 आरोपी गिरफ्तार
सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के मैट्रिक चौक के पास 26 जुलाई की रात शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर दो पक्षों में विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग मामले दर्ज करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो चाकू और एक तलवार बरामद की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
रैपिडो चालक से चाकू की नोक पर लूट
सिटी कोतवाली पुलिस ने रैपिडो चालक से लूट करने वाले आरोपी राहुल गोस्वामी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर चाकू दिखाकर चालक से नकदी और आधार कार्ड लूट लिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू और लूटी गई रकम बरामद कर ली है।
नशीली टैबलेट और गांजा के साथ युवक गिरफ्तार
नशे के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस ने पचरीघाट क्षेत्र से देवेन्द्र इंगले को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 139 नशीली टैबलेट, 800 ग्राम गांजा, बिक्री की नकदी और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस अब नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन और आर्थिक लेन-देन की जांच कर रही है।
होटल के कमरे में युवक ने लगाई फांसी
तोरवा थाना क्षेत्र के एक होटल में 23 वर्षीय युवक शिव शंकर शर्मा का शव फांसी के फंदे पर मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों की जांच जारी है।
जांजगीर-चांपा में इस साल का पहला डेंगू मरीज
जांजगीर-चांपा जिले में वर्ष 2026 का पहला डेंगू संक्रमित मरीज मिला है। बेंगलुरु से लौटे परिवार की युवती की जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग संपर्क में आए लोगों की जांच और निगरानी कर रहा है।
घरेलू विवाद के बाद युवक ने की आत्महत्या
रायगढ़ के जूटमिल क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद पत्नी के मायके चले जाने से परेशान एक 32 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक पेंटिंग का काम करता था और शराब का आदी बताया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




