July 28, 2026

Surajpur News: मदननगर हिंसा मामले में बड़ा एक्शन, 15 नामजद समेत 100-150 ग्रामीणों पर FIR

सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मदननगर गांव में पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना में 15 नामजद और 100 से 150 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

बताया जा रहा है कि 24 जुलाई को प्रतापपुर थाना पुलिस पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए मदननगर गांव पहुंची थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर लाठी-डंडे, फरसा और टंगिया से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में एसडीओपी समेत दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। घायलों का उपचार कराया गया, जबकि मामले की जांच शुरू कर दी गई।

अब पुलिस ने इस मामले में पुलिस पर जानलेवा हमला, बलवा, शासकीय कार्य में बाधा सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि नामजद और अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।