August 1, 2026

कुलगाम आतंकी हमला: छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की हत्या, डिप्टी सीएम विजय शर्मा बोले- आतंकियों को चुन-चुनकर मारेंगे

रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत हो गई। अज्ञात बंदूकधारियों ने दोनों को निशाना बनाते हुए गोली मार दी। इस घटना की उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कड़ी निंदा करते हुए इसे बेहद कायराना हरकत बताया और कहा कि आतंकियों को जल्द खोजकर उनके अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आतंकवादी करीब 10 मिनट तक दोनों मजदूरों से बातचीत करते रहे और इसके बाद अचानक उन पर गोलियां चला दीं। उन्होंने कहा कि ये वही अलगाववादी और आतंकी तत्व हैं, जिनके खिलाफ केंद्र सरकार लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में ऐसे आतंकियों को चुन-चुनकर मार गिराया जाएगा।

जानकारी के अनुसार कुलगाम जिले में अज्ञात बंदूकधारियों ने दो मजदूरों पर हमला किया। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां दीपक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं दूसरे घायल भूपेंद्र को बेहतर उपचार के लिए जीएमसी अनंतनाग रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

रिपोर्टों के मुताबिक, इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने ली है। मीडिया रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया है कि हमलावरों ने पहले दोनों की धार्मिक पहचान पूछी और उसके बाद उन्हें गोली मार दी। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि संबंधित सुरक्षा एजेंसियों की जांच के बाद ही होगी।

घटना के बाद पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और आतंकियों की तलाश में व्यापक सर्च ऑपरेशन जारी है।