सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के चम्पानगर गांव में तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे गांव के तालाब में नहाने के लिए गए थे। नहाने के दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।
घंटों की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश के कारण तालाब पूरी तरह लबालब भरे हुए हैं, जिससे पानी की गहराई काफी बढ़ गई थी। आशंका है कि गहरे पानी में चले जाने के कारण दोनों बच्चे बाहर नहीं निकल सके।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।





