गरियाबंद। जिले के पायलीखंड थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आपसी विवाद के बाद पति-पत्नी के शव घर से करीब 200 मीटर दूर जंगल में अलग-अलग पेड़ों पर फंदे से लटके मिले हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पायलीखंड निवासी जयराम नागेश (65 वर्ष) और उनकी पत्नी वेदमती (45 वर्ष) रविवार से लापता थे। मंगलवार देर शाम ग्रामीणों और परिजनों की तलाश के दौरान दोनों के शव जंगल में अलग-अलग पेड़ों पर लटके हुए मिले।
विवाद के बाद घर से निकले थे दोनों
थाना प्रभारी यदुराज ठाकुर ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। रविवार दोपहर भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद के बाद जयराम घर छोड़कर चला गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर पत्नी वेदमती भी उसके पीछे निकल गई, लेकिन दोनों घर नहीं लौटे।
परिजनों के अनुसार, दोनों का विवाद के बाद घर छोड़ना सामान्य बात थी, इसलिए शुरुआत में किसी ने ज्यादा चिंता नहीं की। लेकिन 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी दोनों के वापस नहीं आने पर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ उनकी तलाश शुरू की।
दो दिन बाद जंगल में मिला शव
पहले आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की गई। जब कोई सुराग नहीं मिला तो जंगल में तलाश शुरू की गई। इसी दौरान मंगलवार देर शाम दोनों के शव करीब 20 से 30 मीटर की दूरी पर अलग-अलग पेड़ों पर फंदे से लटके मिले।
पुलिस का अनुमान है कि विवाद के बाद पहले पति ने आत्महत्या की होगी और बाद में पत्नी ने भी साड़ी का फंदा बनाकर जान दे दी। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक दंपति के दो विवाहित बेटे हैं, जिनसे भी पूछताछ की जा रही है।





