May 28, 2026

पिथौरा शराब दुकान में मिलावटखोरी का भंडाफोड़, मैकडॉवेल की बोतलों में पानी मिलाते 4 कर्मचारी गिरफ्तार

पिथौरा। महासमुंद जिले के पिथौरा स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान में शराब में पानी मिलाकर बेचने के खेल का आबकारी विभाग ने बड़ा खुलासा किया है। विभागीय टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान चार प्लेसमेंट कर्मचारियों को मैकडॉवेल नंबर-1 शराब की बोतलों में पानी मिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। मामले में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार, 25 मई को आबकारी विभाग की टीम आवश्यक निरीक्षण के लिए अचानक पिथौरा स्थित अंग्रेजी शराब दुकान पहुंची थी। निरीक्षण के दौरान टीम ने देखा कि दुकान के कर्मचारी टेबल पर बैठकर शराब की पाव बोतलों का सील खोल रहे थे और उसमें पानी मिलाकर दोबारा बिक्री के लिए तैयार कर रहे थे। यह नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।

मौके पर कार्रवाई करते हुए टीम ने उमेश मन्नाडे, करन सोनटके, नारायण निषाद और हेमंत पटेल को पकड़ लिया। जांच में सामने आया कि इनमें से दो कर्मचारी पिछले करीब दो वर्षों से उसी दुकान में कार्यरत थे, जबकि अन्य दो पिछले 7 से 8 महीने से वहां पदस्थ थे। लंबे समय से एक ही जगह पदस्थ रहने के कारण इन कर्मचारियों के हौसले इतने बढ़ गए थे कि वे खुलेआम ग्राहकों को पानी मिली शराब बेच रहे थे।

आबकारी विभाग ने मिलावट की गई मैकडॉवेल नंबर-1 शराब की बोतलें भी जब्त कर ली हैं। चारों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 38(क) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।