बेंगलुरु। आईटी सिटी बेंगलुरु में महज 48 घंटे के भीतर तीन महिलाओं की हत्या की सनसनीखेज घटनाओं ने शहर को झकझोर कर रख दिया है। तीनों मामलों में आरोपियों ने घरेलू विवाद, रिश्तों में तनाव और शक के चलते वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
पहला मामला मल्लेश्वरम इलाके का है, जहां 27 वर्षीय युवक शरत ने अपनी 20 वर्षीय लिव-इन पार्टनर अनुषा की कथित रूप से गला घोंटकर हत्या कर दी। दोनों पिछले छह महीने से साथ रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, शनिवार रात किसी निजी विवाद को लेकर दोनों के बीच बहस हुई, जिसके बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
दूसरी घटना उदयनगर क्षेत्र की है। यहां महादेवपुरा थाने में तैनात 34 वर्षीय होमगार्ड मंजुला की उनके पति प्रदीप कुमार ने चाकू मारकर हत्या कर दी। बताया गया कि मंजुला पिछले एक महीने से अपने मायके में रह रही थीं। पत्नी के घर लौटने से इनकार करने पर आरोपी ने उनकी मां और बेटी के सामने ही चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
तीसरा मामला डोड्डाकन्नाहल्ली इलाके का है, जहां सिक्किम की रहने वाली 22 वर्षीय अति हंगमा सुब्बा की उसके बॉयफ्रेंड पूर्बा लेपचा ने हत्या कर दी। दोनों हाल ही में काम के सिलसिले में बेंगलुरु आए थे और रिलेशनशिप में थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को युवती के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद उसने किचन के चाकू से युवती का गला रेत दिया।
लगातार तीन महिलाओं की हत्या की घटनाओं ने शहर में सुरक्षा




