June 17, 2026

दिनदहाड़े इंजीनियर से लूटपाट, लैपटॉप और मशीन लेकर फरार हुए आरोपी, वारदात CCTV में कैद

सरगुजा। अंबिकापुर में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। शहर के प्रतापपुर नाका स्थित कुशवाहा चौक में दिनदहाड़े एक इंजीनियर से लूटपाट की वारदात सामने आई है। आरोपियों ने इंजीनियर का लैपटॉप और लेवल मशीन छीन ली तथा मौके से फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, डेयरी फार्म रोड निवासी अमर कुशवाहा (29) ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि उसके मामा रामनाथ कुशवाहा के नाम पर केदारपुर स्थित कुशवाहा चौक के पास एक प्लॉट है, जहां मकान निर्माण की तैयारी चल रही थी। 14 जून को वह इंजीनियर लक्ष्मी नारायण के साथ प्लॉट का लेआउट कराने पहुंचा था।

निर्माण कार्य का विरोध, फिर छीना सामान

शिकायत के मुताबिक दोपहर करीब 1:10 बजे लेआउट का कार्य पूरा होने के बाद जब दोनों वहां से निकल रहे थे, तभी सूर्या कुशवाहा, भगवान कुशवाहा और लोकेश्वर कुशवाहा मौके पर पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने मकान निर्माण का विरोध करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी।

विवाद के दौरान सूर्या कुशवाहा ने कार में रखा लैपटॉप छीन लिया, जबकि लोकेश्वर कुशवाहा इंजीनियर की लेवल मशीन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकले।

तीन आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज

पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।