दुर्ग। दुर्ग पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ओडिशा से छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 14.5 किलोग्राम गांजा, एक क्रेटा कार, नगदी और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 7 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार कुम्हारी थाना और ACCU की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक संदिग्ध क्रेटा कार में गांजा लाकर महासमुंद और रायपुर होते हुए दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में खपाने की तैयारी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कुम्हारी ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर रायपुर की ओर से आ रही कार को रोका।
जांच के दौरान कार से गांजे की तेज गंध आने लगी। इसके बाद पुलिस ने वाहन की गहन तलाशी ली। तलाशी में कार के दरवाजों के भीतर बने गुप्त चेंबर से गांजे के कई पैकेट बरामद हुए। आरोपियों ने गांजे को दरवाजों के फाइबर के पीछे छिपाकर रखा था ताकि जांच एजेंसियों की नजर से बचा जा सके।
मौके से पुलिस ने मुख्य आरोपी तीरथा ठेला, निवासी राजा खरियार (ओडिशा) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में गांजे के खरीदार के रूप में कुम्हारी निवासी किशन जगत का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के कंधमाल क्षेत्र से कम कीमत पर गांजा खरीदकर दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में अधिक दामों पर बेचने के लिए ला रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14.5 किलो गांजा, क्रेटा कार, 22 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कुम्हारी थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।





