June 3, 2026

भीषण गर्मी और जल संकट ने ली मादा भालू की जान, मरवाही वनमंडल में मिला शव

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। मरवाही वनमंडल क्षेत्र में भीषण गर्मी और जल संकट के बीच एक मादा भालू की मौत का मामला सामने आया है। पिपरिया गांव के पास जंगल में भालू का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में मौत की वजह लू और पानी की कमी बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार क्षेत्र में लगातार बढ़ते तापमान और जलस्रोतों के सूखने से वन्यजीवों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि करीब पांच वर्षीय मादा भालू पानी की तलाश में जंगलों में भटक रही थी। लगातार पानी नहीं मिलने और भीषण गर्मी के कारण उसकी हालत बिगड़ती चली गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

मंगलवार को ग्रामीणों ने पिपरिया गांव के समीप जंगल में भालू का शव देखा और इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।

मरवाही वनमंडल की डीएफओ ग्रीष्मी चांद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में मादा भालू की मौत अत्यधिक गर्मी और लू के कारण होना सामने आया है। एसडीओ की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई के बाद वन विभाग द्वारा शव का अंतिम संस्कार किया गया।

घटना के बाद वन विभाग ने जंगलों में वन्यजीवों के लिए पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था तेज कर दी है। विभाग द्वारा जलस्रोतों को भरने, टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाने और वन क्षेत्रों में कृत्रिम जलकुंडों की व्यवस्था करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

वन अधिकारियों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी और सूखते जलस्रोत वन्यजीवों के लिए गंभीर चुनौती बन रहे हैं। ऐसे में वन्यजीवों की सुरक्षा और पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।