रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की आतंकवादियों द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) अध्यक्ष दीपक बैज ने इस घटना को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान दीपक बैज ने कहा कि दोनों मजदूरों की धर्म पूछकर हत्या किए जाने की बात बेहद गंभीर है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब-जब केंद्र सरकार विभिन्न मुद्दों पर घिरती है, तब इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सभी तथ्यों का खुलासा हो सके।
दीपक बैज ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती के बावजूद आतंकवादी इस तरह की वारदात को कैसे अंजाम दे रहे हैं, यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की जांच होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ के कई ग्रामीण रोजगार के अभाव में दूसरे राज्यों में मजदूरी करने के लिए पलायन करते हैं। उनका आरोप है कि पर्याप्त रोजगार के अवसर नहीं मिलने के कारण मजदूरों को दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता है, जहां वे इस तरह की घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।
भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के बयान पर पलटवार करते हुए दीपक बैज ने कहा कि केंद्र सरकार आतंकवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस पूरे मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए।
फिलहाल कुलगाम आतंकी हमले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। वहीं, सुरक्षा एजेंसियां घटना की जांच में जुटी हैं और हमले में शामिल आतंकियों की तलाश जारी है।





