सुकमा। सूखे नशे की अंतर्राज्यीय तस्करी के खिलाफ सुकमा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एर्राबोर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 62.63 लाख रुपए कीमत का 68 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में कर्नाटक के बीदर जिले के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। तस्करी के लिए दो स्विफ्ट कारों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से दो सफेद रंग की कारों में अवैध गांजा लेकर तस्कर सुकमा की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर एर्राबोर बाजार के पास एनएच-30 पर घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोका गया। तलाशी के दौरान कारों से 50 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 68 किलोग्राम निकला। इसकी अनुमानित बाजार कीमत 62,63,100 रुपए बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहेल खान, अब्दुल अदील और आकाश गौड़ के रूप में हुई है। तीनों कर्नाटक के बीदर जिले के निवासी हैं। आरोपियों के कब्जे से दो स्विफ्ट कार, फर्जी नंबर प्लेट, मोबाइल फोन, नगदी और अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C), 29 तथा बीएनएस की धारा 318(2) और 340 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों और इसके पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।




