August 1, 2026

धमतरी में घर में घुसा तेंदुआ, दो ग्रामीणों पर हमला; गुस्साए लोगों ने मार डाला

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नगरी ब्लॉक के बिरगुड़ी रेंज स्थित ग्राम कर्राघाटी में शनिवार देर रात एक तेंदुआ घर में घुस गया और सो रहे दो ग्रामीणों पर हमला कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। आक्रोशित लोगों ने तेंदुए को घेरकर मार डाला। वन विभाग ने तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम कर नियमानुसार अंतिम संस्कार कराया है।

जानकारी के अनुसार, रात के समय तेंदुआ अचानक घर में घुस आया और धरम नेताम तथा गांधी नेताम पर हमला कर दिया। दोनों ग्रामीणों और तेंदुए के बीच काफी देर तक संघर्ष हुआ। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिससे तेंदुआ डरकर पास के एक अन्य घर में घुस गया।

ग्रामीणों ने तत्काल दोनों घायलों को नगरी सिविल अस्पताल पहुंचाया। इनमें से एक की हालत गंभीर थी, लेकिन समय पर उपचार मिलने से अब दोनों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने तेंदुए को घेरकर मार डाला। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम कराने के बाद नियमानुसार उसका दाह संस्कार किया। विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि नगरी क्षेत्र घने जंगलों से घिरा हुआ है, जहां वन्यजीवों की आवाजाही सामान्य है। बीते कुछ वर्षों में जंगली जानवरों के हमलों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। घर में घुसकर हुए इस हमले के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।