रायपुर। NEET पेपर लीक मामले को लेकर प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के प्रदर्शन के विरोध में बुधवार को राजधानी रायपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और राज्य सरकार के कई मंत्रियों की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन की ओर कूच किया। इस दौरान पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश हुई, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
शंकर नगर से शुरू हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। पुलिस ने संभावित तनाव को देखते हुए पहले से बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था की थी, लेकिन प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने लगे। हालात बिगड़ते देख पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। बाद में वरिष्ठ नेताओं की समझाइश के बाद प्रदर्शन शांत हुआ और भाजपा ने सांकेतिक विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री राजेश अग्रवाल, श्याम बिहारी जायसवाल, गुरु खुशवंत साहेब, टंकराम वर्मा, लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, सुनील सोनी, अनुज शर्मा, जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस नेताओं का प्रदर्शन लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध कर रही है और इस तरह की राजनीति को जनता स्वीकार नहीं करेगी।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का आचरण संविधान और लोकतंत्र की गरिमा के अनुरूप नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संसद की कार्यवाही से बचने और देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है।
कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने राहुल गांधी के प्रदर्शन को संविधान विरोधी बताते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में इसका विरोध करेंगे। वहीं वरिष्ठ विधायक राजेश मूणत ने कहा कि देश संविधान और कानून से चलता है, न कि अराजक राजनीति से। उन्होंने कांग्रेस पर देश में भ्रम और अस्थिरता फैलाने का आरोप लगाया।





