July 22, 2026

Raigarh News: उफनती मांड नदी में अवैध रेत उत्खनन, बीच धारा में फंसी ट्रैक्टर-ट्रॉली, कार्रवाई पर उठे सवाल

रायगढ़।

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध रेत उत्खनन का मामला एक बार फिर सामने आया है। बरसात और मांड नदी के बढ़ते जलस्तर के बावजूद रेत माफिया नदी के भीतर ट्रैक्टर-ट्रॉली उतारकर अवैध उत्खनन कर रहे हैं। कूड़ेकेला-बंगरसूता पुल के पास अवैध रूप से रेत भर रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक जलस्तर बढ़ने से बीच धारा में फंस गई।

बढ़ते जलस्तर में फंसी ट्रॉली

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर चालक नदी से रेत निकालकर ट्रॉली में भर रहा था। इसी दौरान लगातार बारिश से नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली बीच धारा में फंस गई। स्थानीय ग्रामीणों ने जोखिम उठाकर बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को बाहर निकाल लिया गया, जबकि ट्रॉली नदी के बीच ही फंसी रह गई।

प्रतिबंध के बावजूद जारी अवैध खनन

बरसात के मौसम में नदी से रेत खनन पर प्रतिबंध और सुरक्षा संबंधी नियम लागू होने के बावजूद खुलेआम अवैध उत्खनन किए जाने से प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना ने नियमों के उल्लंघन और लापरवाही को उजागर किया है।

कार्रवाई की मांग, प्रशासन पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन जारी है, लेकिन जिम्मेदार विभाग प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।