रायपुर।
भाजपा द्वारा कांग्रेस कार्यालय के घेराव को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली की घटना के विरोध में राहुल गांधी के प्रदर्शन से बौखलाकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय पर हमला किया। बैज ने इसे सामान्य प्रदर्शन नहीं, बल्कि कांग्रेस कार्यालय पर सुनियोजित आक्रमण बताया।
‘लाठी-डंडे और पत्थर लेकर पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता’
दीपक बैज ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हाथों में लाठी, डंडे और पत्थर लेकर कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पत्थरबाजी भी की गई। बैज के मुताबिक, यह लोकतांत्रिक विरोध नहीं बल्कि हिंसक हमला था।
‘मंत्री उकसाऊ भाषण दे रहे थे’
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के प्रदर्शन में राज्य सरकार के कई मंत्री शामिल थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने के बजाय मंत्री उकसाऊ भाषण देते रहे, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल
दीपक बैज ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पूरी घटना के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर आंसू गैस के गोले छोड़े गए, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। कांग्रेस ने पूरे घटनाक्रम की कड़ी निंदा करते हुए मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।





