July 22, 2026

आबकारी घोटाले में कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल गिरफ्तार, EOW को 3 दिन की पुलिस रिमांड

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित आबकारी घोटाला मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। कोल लेवी घोटाले में 14 दिन की रिमांड पूरी होने के बाद उन्हें एसीबी/ईओडब्ल्यू की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से आबकारी घोटाले में पूछताछ के लिए EOW को 3 दिन की पुलिस रिमांड मिली है।

जानकारी के अनुसार, EOW ने अदालत से 5 दिन की पुलिस रिमांड की मांग की थी, लेकिन सुनवाई के बाद विशेष अदालत ने 25 जुलाई तक 3 दिन की रिमांड मंजूर की। इस दौरान जांच एजेंसी आबकारी घोटाले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर रामगोपाल अग्रवाल से पूछताछ करेगी।

रामगोपाल अग्रवाल को इससे पहले कोल लेवी घोटाले में गिरफ्तार किया गया था। उसी मामले में उनकी 14 दिन की रिमांड समाप्त होने के बाद EOW ने आबकारी घोटाले में औपचारिक गिरफ्तारी की और विशेष अदालत से पुलिस रिमांड की मांग की।

अनवर ढेबर और देवेंद्र डडसेना के सामने हुई पूछताछ

सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार को EOW रामगोपाल अग्रवाल को केंद्रीय जेल लेकर गई थी, जहां शराब घोटाले के आरोपी अनवर ढेबर और अकाउंटेंट देवेंद्र डडसेना के सामने आमने-सामने बैठाकर करीब तीन घंटे तक पूछताछ की गई। इस दौरान दोनों के बयान भी दर्ज किए गए।

जांच में सामने आ सकते हैं नए तथ्य

बताया जा रहा है कि रामगोपाल अग्रवाल से पूछताछ के दौरान आबकारी घोटाले से जुड़े कई नए तथ्य सामने आ सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी आगे सूर्यकांत तिवारी समेत अन्य आरोपियों को भी आमने-सामने बैठाकर पूछताछ कर सकती है, ताकि पूरे नेटवर्क और कथित वित्तीय लेन-देन की कड़ियां स्पष्ट हो सकें।