रायपुर। राजधानी रायपुर में भाजपा द्वारा कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन के घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई धक्का-मुक्की में एक सब-इंस्पेक्टर समेत 16 पुलिसकर्मी घायल हो गए। कई जवानों के सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला रामकृष्णा केयर अस्पताल पहुंचे और भर्ती पुलिसकर्मियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही घायल जवानों का हौसला बढ़ाते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
घायल पुलिस जवान कलेश्वर वर्मा ने बताया कि बैरिकेडिंग के दौरान भीड़ के बीच फंस जाने से उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल लाया गया। वहीं प्रशिक्षु उप निरीक्षक (PSI) देवराज सिंह के सिर पर बोतल लगने से गंभीर चोट आई है। उनका उपचार डॉक्टरों की निगरानी में किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, अन्य घायल आरक्षकों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इस दौरान पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल, एसीपी नीलेश द्विवेदी, टीआई राजेश मरई सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल में मौजूद रहे।
भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता आए आमने-सामने
गौरतलब है कि दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी के प्रदर्शन के विरोध में भाजपा ने रायपुर में कांग्रेस मुख्यालय का घेराव किया था। प्रदर्शन में भाजपा के कई मंत्री और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे तनाव की स्थिति बन गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा और आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े।




