July 22, 2026

NEET-UG 2026 में दंतेवाड़ा के ‘छू लो आसमान’ के छात्रों का कमाल, 52 सफल, 11 का MBBS में प्रवेश लगभग तय

रायपुर। दंतेवाड़ा जिले की आवासीय कोचिंग संस्था ‘छू लो आसमान’ के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। संस्था के बालूद और कारली केंद्रों के कुल 158 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 52 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की। इनमें 11 विद्यार्थियों का एमबीबीएस (MBBS) तथा 11 विद्यार्थियों का बीडीएस (BDS), बीएएमएस (BAMS), पशु चिकित्सा एवं अन्य चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश लगभग सुनिश्चित माना जा रहा है।

बालूद केंद्र के 25 विद्यार्थियों ने हासिल की सफलता

बालूद केंद्र से इस वर्ष 65 विद्यार्थियों ने NEET-UG 2026 की परीक्षा दी थी। इनमें 25 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की। सफल छात्रों में 9 विद्यार्थियों ने 340 से अधिक अंक अर्जित किए हैं, जिससे उनका एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश लगभग तय माना जा रहा है। वहीं 5 अन्य विद्यार्थियों के बीडीएस, बीएएमएस, पशु चिकित्सा एवं अन्य मेडिकल कोर्स में चयन की संभावना है।

कारली केंद्र से 27 विद्यार्थी हुए सफल

कारली केंद्र से 93 विद्यार्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया, जिनमें 27 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की। इनमें 2 विद्यार्थियों का एमबीबीएस तथा 6 विद्यार्थियों का बीडीएस, बीएएमएस एवं अन्य चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश लगभग सुनिश्चित माना जा रहा है।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मेहनत का मिला परिणाम

संस्था की इस सफलता को विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन और आवासीय कोचिंग व्यवस्था का परिणाम माना जा रहा है। दंतेवाड़ा में संचालित इस पहल के माध्यम से ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिल रहा है।

जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं

नीट-यूजी 2026 में सफल विद्यार्थियों को क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि पूरे दंतेवाड़ा जिले के लिए गर्व का विषय है और अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।

विधायक चौतराम अटामी ने कहा कि दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज की स्थापना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। आने वाले समय में मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की कोचिंग सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा, ताकि स्थानीय विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने से जिले की स्वास्थ्य सेवाएं भी और मजबूत होंगी।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर, ‘छू लो आसमान’ के नोडल अधिकारी वेंकट ताती, अधीक्षक राज पाल, अधीक्षिका रविंद्र सैनी सहित संस्था के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।