बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हिर्री थाना क्षेत्र के मुड़पार के पास मजदूरों से भरा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर में कुल 19 लोग सवार थे, जिन्हें सकर्रा सरपंच के खेत में धान रोपाई के लिए ले जाया जा रहा था। ट्रैक्टर को मुड़पार निवासी चंद्रशेखर पटेल चला रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर तेज गति और लापरवाही से चलाया जा रहा था। मुड़पार के पास चालक का नियंत्रण बिगड़ने से वाहन पलट गया, जिससे ट्रैक्टर में सवार मजदूर उसके नीचे दब गए।
हादसे में बम्लेश्वरी निषाद और मथुरा निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पांच लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। अन्य घायलों को भी मामूली चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही हिर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही से वाहन चलाने की बात सामने आ रही है।




