July 21, 2026

Durg Fraud: 28 महीने में 4 गुना रिटर्न का झांसा, ₹19 लाख की ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार

दुर्ग। जिले में ट्रेडिंग कंपनी में निवेश कर 28 महीने में चार गुना रिटर्न दिलाने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी तृप्ती साहू को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी लोगों से ठगी गई रकम से लग्जरी लाइफ जी रही थी और उसी पैसे से घर व कार भी खरीदी थी।

28 महीने में चार गुना मुनाफे का झांसा

पुलिस के अनुसार, तृप्ती साहू खुद को रैंबो इंटरनेशनल ट्रेडिंग कंपनी की लीडर बताकर लोगों को निवेश के लिए प्रेरित करती थी। वह दावा करती थी कि कंपनी में निवेश करने पर 28 महीने में राशि चार गुना हो जाएगी और हर महीने 10 से 12 प्रतिशत का ट्रेडिंग रिटर्न मिलेगा।

विश्वास जीतने के बाद ₹19 लाख की ठगी

उतई थाना क्षेत्र के जोरतराई निवासी दीपक कुमार अहिरवार ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने पहले 5 लाख रुपये का निवेश कराया और शुरुआती दौर में 45 हजार रुपये का लाभ देकर उसका विश्वास जीत लिया। इसके बाद उसने बैंक से लोन लेकर 14 लाख रुपये और निवेश कर दिए। इस तरह कुल 19 लाख रुपये कंपनी में लगाए गए, लेकिन तय अवधि पूरी होने के बाद न तो मूल रकम वापस मिली और न ही वादा किया गया मुनाफा।

ठगी के पैसों से खरीदा घर और कार

पुलिस जांच में आरोपी के एसबीआई, यस बैंक, केनरा बैंक और एचडीएफसी बैंक खातों में लाखों रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों का कहना है कि आरोपी ने कई लोगों को इसी तरह झांसा देकर ठगी की और ठगी की रकम से घर और लग्जरी वाहन खरीदे।

पुलिस ने आरोपी तृप्ती साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया। मामले में अन्य पीड़ितों और संभावित नेटवर्क की भी जांच जारी है।