तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुसमूली में रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद के दौरान एक पिता ने अपने ही बेटे की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान विजेंद्र श्रीवास के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वह अक्सर शराब के नशे में घर में विवाद करता था। घटना वाले दिन भी वह कथित रूप से शराब पीकर अपने पिता मोहित राम श्रीवास से झगड़ा कर रहा था।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर गुस्से में आए पिता ने बेटे पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से विजेंद्र श्रीवास की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर तखतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने आरोपी पिता मोहित राम श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





